
NEWS – MANOJ PAHUJA ( KORBA )
कोरबा/बरपाली – उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। क्षेत्र में लंबे समय से चोरी और गुंडागर्दी की घटनाओं से दहशत फैलाने वाले यशवंत मिरी नामक युवक ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को बरपाली बस स्टैंड में पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।सूत्रों के अनुसार, पुरैना निवासी बुजुर्ग महिला अपने खेत में गई थी, तभी बरपाली बस्ती में रहने वाला यशवंत मिरी वहाँ पहुँच गया। उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसके बाल पकड़कर घसीटते हुए खेत में रखे पैरा के पास ले जाकर आग से जलाने का प्रयास किया। तभी मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों को देखकर आरोपी भाग गया।घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण आरोपी को खोजते हुए बरपाली बस स्टैंड पहुँचे, जहाँ आरोपी मिल गया। लोगों ने उसे वहीं पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी, जिसके बाद उसे उरगा पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण हेतु भेजा गया है।ग्रामीणों ने बताया कि यशवंत मिरी पहले भी कई चोरियों और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ महीने पहले शिक्षक सुनील कुर्रे के घर और हाल ही में व्यवसायी त्रिलोक चंद्र अग्रवाल के घर व दुकान में हुई चोरी में भी इसी का हाथ होने की पुष्टि सीसीटीवी में हुई है। इसके अलावा वह क्षेत्र में आए दिन लोगों से मारपीट और धमकाने की घटनाएँ करता रहा है।उरगा पुलिस ने बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट पर दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।









Comments are closed.