कोरबा (छत्तीसगढ़)। कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तुमान गांव में गुरुवार देर रात घरेलू विवाद का एक हृदयविदारक मामला सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शराब के नशे में आए दिन होने वाले झगड़े और मारपीट के बीच पत्नी द्वारा की गई आत्मरक्षा की कोशिश ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।
घटना कैसे हुई?
जानकारी के अनुसार, मृतक मनहरण यादव (40) शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी कविता यादव (37) से विवाद करता था। गुरुवार रात भी मनहरण नशे की हालत में घर पहुंचा, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और पति ने पत्नी पर हमला कर दिया।खुद की जान बचाने के प्रयास में कविता ने पास रखा पत्थर का जाता (मूसल) उठाया और मनहरण के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना घातक था कि मनहरण की मौके पर ही मौत हो गई।
रातभर पड़ा रहा शव, सुबह गांव में फैली सनसनी
मृतक का शव पूरी रात कमरे में ही पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह जब पड़ोसियों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कटघोरा थाना प्रभारी एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू की।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पत्नी कविता यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
8 मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है इस दंपति के आठ बच्चों को। इनमें —
- 6 बेटियां
- 2 बेटेशामिल हैं।
दो बेटियों की शादी हो चुकी है लेकिन बाकी बच्चे नाबालिग हैं, जो अब पूरी तरह असहाय और भविष्य को लेकर अनिश्चितता से घिरे हुए हैं। ग्रामीण भी बच्चों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता जता रहे हैं।
मृतक करता था खेती-किसानी
मनहरण यादव खेती-किसानी का काम करता था। शराब का अत्यधिक सेवन उसके परिवार पर पहले से ही आर्थिक और मानसिक दबाव डालता था। लगातार घरेलू कलह और हिंसा ने आखिरकार इस परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया।









Comments are closed.