
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक महिला और उसकी डेढ़ साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त पति स्कूटी चला रहा था और उसकी आंखों के सामने पत्नी-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के मुताबिक विकास साहू (30) अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी के साथ स्कूटी से किसी काम के लिए जा रहे थे। जब वे भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास पहुंचे, तभी सामने से मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (ट्रैक्टर नंबर CG 07 D 3977, ट्रॉली नंबर CG 07 N 4992) आ रही थी। स्कूटी चालक ने वाहन को साइड में करने के लिए ब्रेक लगाया, जिससे पीछे बैठी महिला और बच्ची अचानक नीचे गिर पड़ीं और पीछे से आती ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे को देखकर पिता विकास साहू गहरे सदमे में चले गए हैं। बताया जा रहा है कि परिवार ने एक हफ्ते पहले ही अपनी लाडली का जन्मदिन मनाया था।मरारपारा वार्ड नंबर 5 के निवासी दिनेश देवांगन ने बताया कि जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वहां रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है। आसपास तीन-चार स्कूल होने के कारण बच्चों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन सड़क पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं है। लोगों का कहना है कि यह सड़क अब मौत का जाल बन चुकी है और प्रशासन की लापरवाही लगातार हादसों को जन्म दे रही है।घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर और ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।इस दर्दनाक हादसे ने पूरे दुर्ग शहर को झकझोर कर रख दिया है। जिसने भी घटना के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। एक सप्ताह पहले बेटी का जन्मदिन मनाने वाला पिता आज उसी बच्ची और पत्नी को खो चुका है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।









Comments are closed.