भिलाई-दुर्ग में भगवान झूलेलाल पर अभद्र टिप्पणी से सिंधी समाज में आक्रोश, थाने के सामने हुआ जोरदार प्रदर्शन
दुर्ग/भिलाई। सोशल मीडिया पर सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल जी के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे दुर्ग जिले में आक्रोश का माहौल बन गया। इस घटना के विरोध में रविवार को सिंधी युवा विंग के पदाधिकारियों और समाज के सैकड़ों लोगों ने दुर्ग कोतवाली थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “छत्तीसगढ़ महतारी ज़िंदाबाद” और “अमित बघेल मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करते हैं, लेकिन भगवान झूलेलाल जी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।शिकायत के अनुसार, भिलाई निवासी सन्नी वर्मा और रायपुर निवासी विक्की नामक दो युवकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में भगवान झूलेलाल जी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। जानकारी के मुताबिक, सन्नी वर्मा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालक है जबकि विक्की रायपुर में ऑटो डीलिंग के कारोबार से जुड़ा हुआ है। सिंधी युवा विंग ने दोनों युवकों की टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट पुलिस को सबूत के रूप में सौंपे हैं।संगठन के सदस्यों ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि रायगढ़ जिले में हाल ही में हुए ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया था, इसलिए दुर्ग पुलिस से भी वैसी ही तत्परता की उम्मीद की जा रही है।थाने के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान माहौल को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर वायरल हुई टिप्पणी के संबंध में साइबर सेल से भी रिपोर्ट मांगी गई है।सिंधी समाज ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज व्यापक आंदोलन करेगा।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।









Comments are closed.