
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। जानकारी के अनुसार, अकलतरा विकासखंड के नरियारा नगर पंचायत में एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अतुल कुमार साहू (पिता जय साहू, निवासी नरियारा) की मौके पर ही मौत हो गई।घटना में बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से बिलासपुर अस्पताल रेफर किया गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और मृतक के शव का पंचनामा नहीं होने दिया। ग्रामीणों की मांग है कि कलेक्टर, एसपी या डीएसपी जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आएं और ठोस कार्रवाई का आश्वासन दें, तब ही वे सड़क से हटेंगे।मौके पर थाना मूलमुला प्रभारी सहित पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, ग्रामीणों का आक्रोश अब भी जारी है।ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन हादसे होते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते आज एक निर्दोष युवक की जान चली गई।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे नरियारा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और स्थायी मुआवजा दिया जाए तथा सड़क पर भारी वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।









Comments are closed.