
कोरबा। धान खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही लगातार समस्याओं को देखते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दादरखुर्द, सुमेधा एवं नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान दादरखुर्द धान खरीदी केंद्र में किसानों ने तौल में गड़बड़ी, टोकन की कमी और सीमित मात्रा में धान खरीदे जाने की शिकायत की। नकटीखार निवासी किसान निर्मल सिंह कंवर ने बताया कि उसके पास 50 क्विंटल धान है, लेकिन केवल 12 क्विंटल बेचने का ही टोकन दिया गया है, जिससे वह असमंजस की स्थिति में है।पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसान अपनी उपज बेचने में गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। किसानों को न तो समय पर खरीदी का लाभ मिल रहा है और न ही उपज का उचित मूल्य। उन्होंने खरीदी केंद्र के प्रबंधक जमाल खान से व्यवस्थाओं और तौल में हो रही कथित गड़बड़ियों को लेकर जानकारी ली। प्रबंधकों की ओर से बताया गया कि धान का उठाव कम होने के कारण खरीदी प्रभावित हो रही है।श्री अग्रवाल ने खाद्य अधिकारी एस. के. कंवर से फोन पर चर्चा कर व्यवस्थाएं सुधारने को कहा। इस पर खाद्य अधिकारी ने निर्देश जारी किए जाने की जानकारी दी। पूर्व मंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है और वे स्वयं मौके पर आकर अव्यवस्था देखने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के खून-पसीने की कमाई के साथ कोई अन्याय नहीं होना चाहिए और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा व न्यायसंगत लाभ मिलना चाहिए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में दाना-दाना धान खरीदा जाता था। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने सरकार से धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने आरोप लगाया कि लिमिट कम होने के कारण बड़े किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं और गिरदावरी में छेड़छाड़ कर किसानों का रकबा कम दर्शाया जा रहा है।दादरखुर्द के बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सुमेधा और नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों का भी निरीक्षण किया, जहां किसानों ने व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत ठीक होने की जानकारी दी।निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पार्षद एवं अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे, पार्षद बद्री किरण, पूर्व पार्षद पालूराम साहू, मनकराम साहू, डॉ. रामगोपाल यादव, प्रदीप जायसवाल, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल सहित अनेक कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।









Comments are closed.