

15 करोड़ 86 लाख की लागत से बनेगा हसदेव नदी पर नया पुल
विधायक व्यास कश्यप के प्रयासों से मिली स्वीकृति, जाम से मिलेगी राहत
जांजगीर-चांपा।
हसदेव नदी पर लंबे समय से प्रस्तावित नए पुल के निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। जनता की निरंतर मांग और जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप के अथक प्रयासों से शासन ने नए पुल के निर्माण की स्वीकृति दे दी है। यह पुल लगभग 15 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा।


नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और रोजाना लगने वाले घंटों के जाम से आम जनता को राहत मिलेगी। वर्तमान में संकरी पुलिया और बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पुल निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बीते दिनों निर्माण स्थल पर बने बेजा कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई, जिसमें लछनपुर–बिरगहनी मार्ग पर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पांच दुकानों को तोड़ा गया, वहीं एक फैक्ट्री को भी हटाकर पुल निर्माण का रास्ता साफ किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शासन के नियमानुसार किसी भी बड़े निर्माण कार्य के लिए कम से कम 90 प्रतिशत लैंड क्लियरेंस आवश्यक होता है। बेजा कब्जा हटाओ अभियान के बाद पहला चरण लगभग पूर्ण हो चुका है। नदी के दूसरी ओर अब केवल करीब 10 प्रतिशत अतिक्रमण शेष है, जिसे हटाना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि नए पुल का डिजाइन तैयार किया जा चुका है और सभी तकनीकी प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। अतिक्रमण पूरी तरह हटते ही निर्माण कार्य और आसान हो जाएगा। इसी सत्र में पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है।
नए पुल के निर्माण की खबर से क्षेत्र की जनता में संतोष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि वर्षों पुरानी समस्या से अब उन्हें स्थायी राहत मिलेगी।
इस संबंध में विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि,
“जनता की मांग के आधार पर मैंने सरकार से आग्रह किया था। आवागमन को सुगम बनाने के लिए नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। बहुत जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। पुल बनने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।”







Comments are closed.