
कोरबा।सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान वरुण देव के अवतार सांई झूलेलाल जी का पावन चालीहा महोत्सव कोरबा शहर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। यह धार्मिक महोत्सव 22 नवम्बर 2025 से श्री झूलेलाल मंदिर, रानी रोड, कोरबा में विधिवत रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान झूलेलाल जी की आराधना कर रहे हैं।चालीहा महोत्सव के दौरान श्री झूलेलाल मंदिर महिला सेवा समिति द्वारा प्रतिदिन श्री धूनी साहब का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से भगवान झूलेलाल जी की महिमा का गुणगान किया जा रहा है। साथ ही समाज एवं नगर के सर्वांगीण कल्याण की भावना से मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित की गई है, जिसमें श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुरूप दीप प्रज्वलित कर सुख-शांति की कामना कर रहे हैं।
4 जनवरी को होगा महोत्सव का समापन
पूज्य चालीहा महोत्सव का भव्य समापन रविवार, 4 जनवरी 2026 को किया जाएगा। समापन दिवस पर प्रातः 11 बजे श्री झूलेलाल मंदिर में विधि-विधान से श्री बहराणे साहब की पूजा संपन्न होगी, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, महिला-पुरुष एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।इसके पश्चात दोपहर 1 बजे सिंधु भवन, रानी रोड में आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी समाज एवं धर्म के लोगों को प्रसाद ग्रहण करने हेतु आमंत्रित किया गया है।

शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
समापन दिवस की शाम 4 बजे श्री झूलेलाल मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण करेगी और अंततः ठाकुर घाट, पुरानी बस्ती पहुंचेगी। शोभायात्रा के समापन स्थल पर महाआरती, पल्लव का आयोजन किया जाएगा तथा चालीहे साहब की ज्योत का परवान कर विधिवत चालीहा साहब का समापन किया जाएगा।
सेवा समिति ने किया सभी से सहभागिता का आग्रह
इस अवसर पर श्री झूलेलाल मंदिर सेवा समिति, कोरबा के समस्त सेवादारों ने सिंधी समाज के साथ-साथ नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे चालीहा महोत्सव के समापन से जुड़े सभी कार्यक्रमों में सपरिवार उपस्थित होकर भगवान झूलेलाल जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाएं।









Comments are closed.