
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा टी.पी. नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की प्रथम पुण्यतिथि शुक्रवार, 26 दिसंबर को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने डॉ. मनमोहन सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह वर्ष 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और वे एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी, अनूठे चिंतक तथा मानवीय संवेदनाओं से भरपूर महान नेता थे। उन्होंने भारत को आर्थिक मजबूती की राह दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री अग्रवाल ने कहा कि आज से एक वर्ष पूर्व इसी दिन 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ था, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व जिला अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं पार्षद नारायण कुर्रे, पूर्व पार्षद पालूराम साहू, मनकराम साहू, प्रदीप जायसवाल, डॉ. रामगोपाल यादव, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल, चंद्रकांत यादव एवं सुरेश कुमार अग्रवाल ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के जीवन, योगदान और देश के प्रति उनकी सेवाओं को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









Comments are closed.