
कोरबा। 04 अक्टूबर 2025 – सर्व मुस्लिम जमात, कोरबा के संयोजक मो. न्याज नूर आरबी ने अशोक नगर, बिलासपुर में स्थित शिवलिंग पर किए गए अपमानजनक कृत्य की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल धार्मिक आस्था का अपमान है, बल्कि समाज में शांति और सौहार्द के वातावरण को भी ठेस पहुँचाती है।मो. न्याज नूर आरबी, जो भाजपा प्रदेश प्रभारी मोदी मित्र भी हैं, ने कहा कि इस प्रकार की हरकतें समाज में असंतोष और धार्मिक तनाव फैलाने का काम करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त और तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही उन लोगों पर भी कार्रवाई की जाए जिन्होंने इस घटना के बाद कानून को हाथ में लेकर दंगा भड़काने की कोशिश की और निर्दोष मुस्लिम समुदाय के लोगों को परेशान किया।उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि धार्मिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए ताकि समाज में ऐसा दोबारा कोई करने की हिम्मत न करे।समुदाय के सदस्यों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए इसे धार्मिक और सांस्कृतिक संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और उनके प्रतीकों का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है, और किसी भी प्रकार की धार्मिक असहिष्णुता देश की एकता के लिए खतरनाक है।युवा तुर्क और समाजसेवी मो. न्याज नूर आरबी ने सभी पक्षों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समाज को एकजुट होकर नफरत के खिलाफ खड़ा होना चाहिए, ताकि छत्तीसगढ़ की गंगा-जमुनी तहजीब कायम रहे।यह बयान उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जारी करते हुए प्रशासन और समाज दोनों से संयम बरतने और कानून का सम्मान करने की अपील की।









Comments are closed.