

रायपुर / जिले की 1,882 आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन त्यौहार मनाया जा रहा है । वजन त्यौहार का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा 7 से 16 जुलाई तक आंगनबाड़ी केन्द्रों पर किया जाएगा । वजन त्यौहार का औपचारिक रूप से वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया। उन्होंने रायपुर, दुर्ग एवं जगदलपुर जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों और उनकी माताओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से वजन त्यौहार और इसकी महत्ता के बारे चर्चा की। मुख्यमंत्री ने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का अनिवार्य रूप से वजन कराकर उनके सुपोषण स्तर का मूल्यांकन करने की अपील की है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे ने बताया,“जिले की 1,882 आंगनवाड़ी केंद्रों को 424 क्लस्टर में बांटा गया है। 7 जुलाई से वजन त्यौहार की शुरुआत की गई है । प्रथम दिन 68 कलस्टर में बाटी गई 339 आंगनबाड़ियों में वजन त्यौहार मनाया गया है । वजन त्यौहार का मुख्य उद्देश्य बच्चों की पोषण स्थिति को जानना और कुपोषित बच्चों से कुपोषण को दूर करने के लिए किया गया है । इस कार्यक्रम के माध्यम से जो कुपोषित बच्चे सामने आएंगे उनमें कुपोषण दूर करने के लिए पर्याप्त पोषण प्रदान करने के साथ ही परिवार के सदस्यों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कुपोषण को पौष्टिक भोजन, दवाईयां और व्यवहार में परिवर्तन से ही दूर किया जा सकता है। वहीं अभियान के तहत वॉल राईटिंग, इंटरनेट मीडिया, व्हाट्सअप ग्रुप व फेसबुक के माध्यम से सुपोषण संबंधी आवश्यक जानकारियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।“
पर्यवेक्षक भनपुरी रजनी सिंह बताया “वजन त्यौहार मे बच्चों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र सेल्फी जोन रहा । अभिभावकों के साथ वजन कराने आए बच्चों ने सेल्फी जोन में अपने फोटो खिंचवाये । वजन कराने के दौरान बच्चों की पाठशाला भी लग गई । बच्चों ने गिनती, कविता, पहाडा या गाना सुनाते हुए वज़न करवाया । वजन और ऊंचाई की नाप लेने के बाद जाने से पहले बच्चों ने थैंक्यू दीदी भी बोला ।“








Comments are closed.