
बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को बिलासपुर के अकलतरी गांव पहुंचे। यहां सलाहकार प्रदीप शर्मा के पारिवारिक कार्यक्रम में सीएम शामिल हुए। यहां मिडिया से चर्चा में सीएम ने वर्तमान राजनीतिक हालात को लेकर भाजपा पर बड़ा हमला बोला। सीएम ने सवाल उठाते हुए कहा कि, भाजपा के लोग लव जिहाद की बात करते हैं भाजपा के बड़े नेताओं की बेटियो ने मुसलमानों से शादी की है क्या वह लव जिहाद नहीं है। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े भाजपा नेता की बेटी कहां है? किसके साथ है, ये भी पूछा जाना चाहिए।
आगे उन्होंने कहा कि, उनकी बेटियां करें तो लव और दूसरे करें तो जिहाद। वहां भी भाजपा को आंदोलन करना चाहिए और इसे रोकने की कोशिश करना चाहिए। अपने बड़े-बड़े दामादों को भाजपा मंत्री, सांसद बनाती है, और दूसरे के लिए दूसरा कानून होता है।
भाजपा केवल राजनीतिक रोटी सेंकना चाहती है। आगे उन्होंने आगामी चुनाव के मुद्दे को लेकर कहा कि, भाजपा धर्मांतरण और सांप्रदायिकता पर चुनाव लड़ना चाह रही है। जबकि, कांग्रेस किसान, मजदूर,आदिवासी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य रोजगार के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी।आगे सीएम ने कहा कि, 15 साल में रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को बहुत पीछे धकेल दिया। 40% लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। बस्तर में गांव उजाड़ दिए गए, स्कूल तबाह, हॉस्पिटल की कोई व्यवस्था नहीं।
यह सारे विकास के काम जो हमने किए हैं उस आधार पर हम वोट मांगेंगे। आगे सीएम ने प्रियंका गांधी के बस्तर दौरे को लेकर भाजपा नेताओं के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि, बजट देखकर ही भाजपा के लोगों को सांप सूंघ गया है। किसानों के लिए सरकार ने जो किया, 20 क्विंटल धान खरीरने का निर्णय लिया, उसका विरोध भाजपा ने शुरू कर दिया। भाजपा मूलतः किसान, मजदूर आदिवासी और महिला विरोधी है, भाजपा का असली चेहरा उजागर हो गया है।
आगे सीएम ने बिरनपुर की घटना को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, जिस तरह भाजपा के सांसद नेता वहां पहुंचे इससे स्पष्ट है कि उनका उद्देश्य राजनीतिक है। पीड़ित परिवार का दुख कम करने वे नहीं गए थे, बल्कि आग लगी थी उसमें पेट्रोल डालने का काम भाजपा नेताओं ने किया।
भाजपा केवल राजनीतिक रोटी सेंकना चाहती थी। लव जिहाद, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, तालिबान भाजपा नेताओं ने सब पोस्ट किया। लेकिन छत्तीसगढ़ शांति का टापू है, छत्तीसगढ़ के लोग इस तरह की हिंसा को पसंद नहीं करते हैं।







Comments are closed.