

रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने का निर्णय लेने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी को मुफ्त टीका लगवाने का ऐलान किया है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी लोगों को बिना किसी भेदभाव के वैक्सीन मिल सके, इसके लिए यह फैसला जरूरी था।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट के जरिए बताया कि जनता को वैक्सीन उपलब्ध पर जो भी आर्थिक भार आएगा, उसे राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी। अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे।
केंद्र सरकार से अनुरोध है कि वह पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करे। बता दें कि वैक्सीन को लेकर केंद्र और राज्य सरकार में लंबे समय से जुबानी हाथापाई चल रही है। बुधवार को जारी कोविशील्ड के दाम में भी भारी अंतर के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई है।
कंपनी केंद्र सरकार को अलग और राज्य सरकारों को अलग दाम पर कोविशील्ड उपलब्ध करवा रही है। इसके अलावा निजी अस्पतालों के लिए वैक्सीन के दाम में और भी ज्यादा अंतर रखा गया है। जहां केंद्र सरकार को एक डोज 150 रुपए की दी जा रही है, वहीं निजी अस्पतालों के लिए इसकी कीमत 600 रुपए रखी गई है।







Comments are closed.