
चिरमिरी/ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, मोदी जी खुद को बड़ा ईमानदार बताते हैं, लेकिन इस देश में भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी स्कीम लेकर आए। यह स्कीम थी, जो चंदा देगा, उसका नाम गुप्त रहेगा। इसके तहत अपने बड़े-बड़े मित्रों से चंदा लिया। पहले उनके ऊपर छापा मारा, फिर चंदा लेकर जांच बंद कर दी। उन्होंने गुजरात में पुल गिरने की घटना का उदाहरण भी दिया।
प्रियंका गुरुवार को कोरबा लोकसभा क्षेत्र के चिरमिरी में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कोविड वैक्सीन ‘कोवीशील्ड’ को लेकर आई रिपोर्ट का भी जिक्र किया। कहा कि, टीका लगवाकर कुछ लोग मर गए, कुछ बीमार हो गए। पहले सर्टिफिकेट मिलता था, तो उसमें मोदी जी की फोटो होती थी, लेकिन अब लगवाओगे तो नहीं मिलेगी।
चुनावी रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा के नेता लोगों के जीवन में आने वाली चुनौतियों के बारे में बात नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी दो तरह के नेताओं को बढ़ावा देती है; भ्रष्ट और वे जो लोगों के कल्याण और मुद्दों के बारे में कुछ नहीं कहते हैं।
उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की बात की इसलिए उन पर सबसे ज्यादा हमला किया गया। उन्होंने चिरमिरी में कोयला खदान का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को रोजगार मिले इसलिए इंदिराजी ने खदानों का राष्ट्रीयकरण करवाया।
प्रियंका ने अपने संबोधन में कांग्रेस के संकल्प पत्र की बातें गिनाई और कहा कि आज कई खदानें बंद हो गई हैं और या तो उनका निजीकरण कर दिया गया है।
प्रियंका के भाषण की खास बातें…
- मोदी जी की सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हुआ, खरबपतियों और उद्योगपतियों के साथ नहीं हुआ।
- मोदी जी ने देश की संपत्ति को अपने मित्रों को सौंप दिया।
- महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है, महिलाएं जलाई जा रही हैं, उनका शोषण हो रहा है, जो कर रहा है, सरकार उसे बचाने में लगी है।
- भूपेश बघेल जी ने छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की बात की। उन्होंने इसके लिए काम किया, लेकिन कुछ पार्टियों और भाजपा को ये पसंद नहीं आया।
- आज जो देश में राजनीति है, वो किसानों, श्रमिकों, गरीबों के विरोधी राजनीति चल रही है।
- आपकी कई बातें हैं, आपकी दिक्कतें हैं, लेकिन उनकी बातें नहीं हो रही हैं। आपके मंचों पर बड़ी-बड़ी बातें होती हैं, जी-20 की बातें होती हैं, लेकिन आपके संघर्षों की बातें नहीं होती हैं।
- जो पहले जवाबदेही होती थी, इंदिरा जी, राजीव जी अपने संसदीय क्षेत्र में जाते थे, तो लोग डांट देते थे। कहते थे बैठो चाय पिओ, लेकिन वोट तभी मिलेगा जब सड़क बनेगी। प्रधानमंत्री को भी डांट देते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है।
- बड़े-बड़े भ्रष्ट नेताओं को अपने पार्टी में डाल रखा है। जो दूसरी पार्टियों के नेता थे। पहले उन पर दबाव डाला, जांच शुरू की। जब उनकी पार्टी में आ गए तो वह दूध के धुले हो गए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कोरबा में कई खदानें बंद हो गई हैं। यह संपति देश की संपति है। जब देश की संपति थी तो रोजगार मिलता था। अब सेठ आपका वेतन तय कर रहे हैं।आज ठेकेदारी सिस्टम के द्वारा मजदूरों का शोषण हो रहा है। कई लोगों को जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिला। आपको संविधान ने हक दिया था।कांग्रेस ने लोगों के लिए काम किया।यहां के लोगों को कोई सुविधा नहीं मिली।बीजेपी में दो तरह के नेता है। एक जो सबसे भ्रष्ट नेता हैं उनको पार्टी में शामिल कर दिया गया।दूसरे नेता जो सिर्फ हवा में बात करते हैं।कांग्रेस जनता की सेवा करने वाले नेताओं को आगे बढ़ाती है।
प्रियंका का यह दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा था। इससे पहले दूसरे चरण के प्रचार के लिए उन्होंने राजनांदगांव और कांकेर में चुनाव प्रचार किया था। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से केवल 2 बस्तर और कोरबा ही कांग्रेस के पास है, बाकी 9 सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी। बीजेपी से इस बार पार्टी की कद्दावर नेत्री सरोज पांडेय को मैदान में है। वहीं कांग्रेस ने फिर से सांसद ज्योत्सना महंत पर ही भरोसा जताया है। ऐसे में यह सीट बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।









Comments are closed.