
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के लबेद गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत युवक अपने दोस्तों के साथ डांस देखने गया था, लेकिन देर रात घर नहीं लौटा। परिजन और दोस्त तलाश करते रहे, इसी बीच जानकारी मिली कि युवक घायल हालत में मिला था और अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय सुखदेव केवट, सक्ती जिले के नगरदा गांव का निवासी था। वह सोमवार रात अपने गांव के ही सुनील कंवर और बद्री नारायण के साथ बाइक से कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के तुमान गांव डांस कार्यक्रम देखने गया था। वहां कबड्डी प्रतियोगिता भी चल रही थी। कार्यक्रम के दौरान सुखदेव बाइक की चाबी लेकर पास के ठेले में सिगरेट पीने गया और फिर लौटकर नहीं आया। देर रात तक उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया।
दोनों साथी रातभर कार्यक्रम देख कर मंगलवार सुबह घर लौट गए, लेकिन सुखदेव घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि एक दुकानदार ने व्हाट्सऐप स्टेटस पर घायल युवक और बाइक की फोटो डाली थी। जब परिजनों ने संपर्क किया तो जानकारी मिली कि घायल युवक को जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को बताया गया कि सुखदेव की मौत हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि युवक की लाश तुमान से लगे लबेद के पास खून से लथपथ बाइक के साथ मिली थी। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्वनारायण चौहान ने मृतक के दोस्तों और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस अब घटना के कारणों की जांच कर रही है और हर पहलू पर छानबीन की जा रही है।
मृतक सुखदेव विवाहित था और तीन बच्चों का पिता था। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। अचानक हुई इस घटना से गांव और परिजनों में शोक का माहौल है।







Comments are closed.