
रायपुर। इंडिगो एयरलाइन की एक और बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रा कर रहे एक यात्री को भारी असुविधा और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। जयपुर–इंदौर–रायपुर रूट की यात्रा कर रहे तिल्दा-नेवरा भाजपा शहर मंत्री दीपक चोइथवानी का चेक-इन किया गया सामान रायपुर एयरपोर्ट पर गुम हो गया।
बताया जा रहा है कि श्री चोइथवानी जब तय समय से करीब 30 मिनट की देरी से रायपुर पहुंचे, तो उन्हें बैगेज बेल्ट पर अपना सामान नहीं मिला। उन्होंने तुरंत इंडिगो के लगेज कार्यालय में संपर्क किया, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों के पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं था। इससे उनकी चिंता और बढ़ गई, क्योंकि गुम हुए बैग में जरूरी कपड़े, महत्वपूर्ण दस्तावेज और आवश्यक दवाइयां रखी हुई थीं।
30 मिनट तक हंगामा, तब जाकर मिला सामान
यात्री के अनुसार, लगभग 30 मिनट तक बहस और हंगामे के बाद इंडिगो एयरलाइन द्वारा उनका सामान उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान एयरलाइन स्टाफ का व्यवहार भी उदासीन और गैर-जिम्मेदाराना बताया जा रहा है।सोशल मीडिया के जरिए उठाई आवाजघटना से आक्रोशित भाजपा नेता दीपक चोइथवानी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इंडिगो एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते हंगामा नहीं किया जाता, तो शायद सामान मिलने में और देर होती।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर एयरलाइंस की बैगेज हैंडलिंग व्यवस्था और यात्रियों के प्रति जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि जरूरी दवाइयों और दस्तावेजों के गुम होने से गंभीर संकट भी खड़ा हो सकता है।यात्रियों ने मांग की है कि इंडिगो एयरलाइन इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी अन्य यात्री को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।








Comments are closed.