
कोरबा। आज सुबह नित्यकर्म के लिए हाईवे पार कर रही ग्रामीण महिला हादसे की भेंट चढ़ गई। मौके पर उसकी लहूलुहान लाश देख नाराज लोगों ने हाईवे पर एक घंटे तक चक्काजाम किया। अधिकारियों के पहुंचने के बाद आवागमन को बहाल किया जा सका।नेशनल हाईवे 130 पर यह घटना पाली थाना के चैतमा चौकी अंतर्गत कपोट इलाके में हुई। इस घटना में 38 वर्षीय जमुना बाई पोर्ते पति रवि पोर्ते की मौत हो गई। वह नवाडीह घुईचुआं की रहने वाली थी। घटना के दौरान महिला अपने गांव के नजदीक से गुजर रहे हाईवे को पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। इसके असर से महिला सिर के बल गिरी और मौके पर ही उसकी सांसें उखड़ गई। इस घटना की खबर आसपास में हुई तो लोग सक्रिय हुए और नाराज भी। उन्होंने आनन-फानन में हाईवे पर उपस्थिति दर्ज कराकर महिला के शव के साथ चक्काजाम कर दिया। इसके चलते हाईवे के एक तरफ वाहनों की लाइन लग गई। खबर होने पर पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव, चौकी प्रभारी अफसर खान और स्टाफ यहां पहुंचा। लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। एक घंटे तक इस रास्ते पर गाडिय़ों के पहिए थमे रहे। बाद में प्रशासन की दखल होने पर स्थिति को सामान्य किया जा सका। चैतमा पुलिस ने इस घटना पर बीएनएस की धारा में बाइक चालक पर अपराध दर्ज किया है।







Comments are closed.