राजधानी रायपुर में साइबर अपराध से जुड़े म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने फरार स्थायी वारंटी सुनील यादव उर्फ सोनू और महिला आरोपी पूजा सिंह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार श्यामनगर निवासी किराना व्यापारी पवन यादव की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपी पूजा सिंह की पहचान होने के कारण उसने प्रार्थी को झांसे में लेकर उसका बैंक खाता विवरण और एटीएम कार्ड ले लिया। बाद में आरोपियों ने खाते के माध्यम से लाखों रुपये का लेन-देन कर धोखाधड़ी की।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 8 सिम कार्ड और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों से लोगों के बैंक खाते खरीदकर उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल में बेचते थे और इन खातों का उपयोग अवैध लेन-देन में किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि सुनील यादव पहले भी लूट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है तथा दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना का स्थायी वारंटी था। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर आगे की जांच की जा रही है।








Comments are closed.