
कोरबा में घर पर खेल रही मासूम सिगड़ी के समीप पहुंच गई। वह खेलते खेलते सिगड़ी पर पक रही दाल के बर्तन से टकरा गई, जिससे खौलती दाल उसके ऊपर गिर गई। घटना में गंभीर रूप से झुलसी मासूम को निजी चिकित्सालय के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की है।

कोतवाली अंतर्गत सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में शंकर सारथी निवास करता है। वह रोजी मजदूरी कर पत्नी आरती सारथी व दो बच्चों का पालन पोषण करता है। प्रतिदिन की तरह गुरुवार को घर लौटने के बाद शंकर अपने कमरे में था। उसकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थी। वह थोड़ी देर के लिए कमरे के भीतर चली गई। इसी बीच दो वर्षीय बेटी खेलते खेलते सिगड़ी के करीब चली गई। वह अचानक सिगड़ी पर रखे बर्तन से टकरा गई। जिससे बर्तन में खौल रही दाल उसके ऊपर गिर गई । मासूम गर्म दाल से बुरी तरह झुलस गई। उसकी रोने की तेज आवाज सुनकर शंकर और उसकी पत्नी भागते हुए आंगन में पहुंचे। इस दौरान उनकी नजर मासूम पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए मासूम को निहारिका स्थित निजी अस्पताल ले आया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टर लगातार उपचार में लगे रहे, इसके बावजूद मासूम की जान नही बचाई जा सकी। उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मेमो मिलने पर अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की। तत्पश्चात मासूम के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।







Comments are closed.