
कोरबा: जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के ग्राम पड़निया में एक खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और मौके पर हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, मनीराम यादव सर्वमंगला की ओर से अपने गृह ग्राम पड़निया जा रहा था.
बताया जा रहा है कि उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया हुआ था. इसी दौरान उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं पास में सो गया. कुछ देर बाद अचानक बाइक में आग लग गई. आग कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. आग स्वतः लगी या किसी ने लगाई, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है.
आग लगने के समय चालक बाइक के बेहद करीब सोया हुआ था. राहगीरों की नजर जब धू-धू कर जलती बाइक पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक को वहां से हटाया. कुछ ही देर में पूरी बाइक जलकर खाक हो गई. बाद में किसी तरह घटना की सूचना बाइक चालक के परिजनों को दी गई. घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.







Comments are closed.