शराब के नशे में पति ने पत्नी की हत्या, खुद फांसी लगाकर दी जान पुलिस कर रही है मामले की जांच
.कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत लैगा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, इसके बाद खुद फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना शनिवार शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संतराम यादव पेशे से ट्रक चालक था। वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद और मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद संतराम ने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पसान थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि संतराम और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है







Comments are closed.