
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की खास रिपोर्ट
पाली : हरदीबाजार भाजपा मंडल के महामंत्री अमरनाथ कौशिक ने ग्राम धतूरा में पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल के दौरान गठित राजीव युवा मितान क्लब में भारी वित्तीय गड़बड़ी और खुल्लेआम भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिलाधीश कोरबा को एक विस्तृत शिकायती पत्र सौंपा है।
कौशिक ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत धतूरा में क्लब का गठन बिना ग्रामसभा की अनुमति और पारदर्शिता के पूर्णतः असंवैधानिक तरीके से किया गया, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ग्रामीण जनमत का भी अपमान है।उन्होंने जानकारी दी कि क्लब में अध्यक्ष के रूप में लक्ष्मी देवी तिवारी तथा सचिव के रूप में तरभा केवट की नियुक्ति की गई, जो कि पूर्णत: भाई-भतीजावाद और राजनीतिक संरक्षण का उदाहरण है। शासन द्वारा क्लब को युवाओं के विकास, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए लाखों रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन यह राशि क्लब पदाधिकारियों द्वारा निजी हित में गबन कर ली गई।अमरनाथ कौशिक का कहना है कि क्लब का मूल उद्देश्य था गांव के युवाओं को खेल, सांस्कृतिक मंच और नेतृत्व विकास का अवसर देना, लेकिन आज तक गांव में एक भी खेल प्रतियोगिता या जनहित कार्यक्रम का आयोजन नहीं हुआ। यह क्लब धीरे-धीरे एक भ्रष्टाचार और लूट-खसोट का अड्डा बन गया, जहां न युवाओं का विकास हुआ और न ही पारदर्शिता की कोई झलक दिखी। भाजपा महामंत्री अमरनाथ कौशिक ने जिलाधीश महोदय से मांग की है कि इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, सभी दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा शासन की राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक कर गबन की गई राशि की वसूली की जाए।







Comments are closed.