
(कोरबा) थाना हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम बाता के छात्र-छात्रा सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम बाता निवासी ज्योति भारद्वाज (20 वर्ष), पिता टेमलाल भारद्वाज छात्र रुद्र पाटले के साथ मोटरसाइकिल से कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक पानी टैंकर (ट्रैक्टर) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुँचकर दोनों को जिला अस्पताल रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही छात्रा ज्योति ने दम तोड़ दिया। वहीं रुद्र पाटले को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रुद्र के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है।

ज्योति भारद्वाज कॉलेज की मेधावी छात्रा बताई जा रही है, जिसकी असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुँचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही और तेज रफ्तार का भयावह परिणाम सामने ला दिया है।







Comments are closed.