
कोरबा। पूज्य सिंधी पंचायत कोरबा द्वारा सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल जी के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में चेटीचंद्र महोत्सव का आयोजन 14 मार्च से प्रारंभ होकर 20 मार्च तक धूमधाम से किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समाज द्वारा भगवान झूलेलाल का जन्म महोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला विंग, युवा विंग, सिंधी पंचायत सहित कई सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रहेगा।पंचायत के अध्यक्ष अशोक चावलानी एवं सचिव नरेश जगवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव की शुरुआत 14 मार्च को रानी रोड स्थित सिंधु भवन में शाम 6 बजे भगवान झूलेलाल जी की धूनी साहब के आयोजन से हुई। इसके पश्चात आरती और भंडारे का आयोजन भी किया गया। धूनी साहब के साथ ही चेटीचंद्र महोत्सव का शुभारंभ हुआ।महोत्सव के अंतर्गत 15, 16 और 17 मार्च को शाम 4 बजे से सीएसईबी खेल मैदान में एसपीएल-2 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समाज के युवा बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। 16 मार्च को होने वाले विशेष मैच में युवतियां भी भाग लेंगी, जो इस आयोजन का खास आकर्षण रहेगा।

19 मार्च को सुबह 8 बजे भगवान झूलेलाल मंदिर से भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संत कंवर राम उद्यान मेन रोड तक पहुंचेगी।20 मार्च को महोत्सव के मुख्य दिन सुबह 10 बजे झूलेलाल मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी। इसी दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रानी रोड स्थित सिंधु भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से आम भंडारे का आयोजन भी सिंधु भवन में रखा गया है।शाम 5 बजे पूज्य बहराणा साहब की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा झूलेलाल मंदिर से निकलेगी, जिसमें आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गोदड़ी धाम, डी.डी.एम. रोड में समाप्त होगी। इसके बाद रात 10 बजे जोड़ापुल तुलसी नगर पहुंचकर पूज्य बहराणा साहब का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा तथा अखंड ज्योत को परवान किया जाएगा।इसके अतिरिक्त 25 मार्च को शाम 6 बजे सिंधु भवन में भगवान झूलेलाल जी की छठी भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। सिंधी पंचायत ने बताया कि इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है और सभी सदस्य पूरी निष्ठा के साथ इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।









Comments are closed.