
Jashpur. जशपुर। जिले की पुलिस ने एक बार फिर गौ-तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी अफसर राय को झारखंड के बेड़ो से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी ऑपरेशन ‘अंकुश’ के तहत की गई, जिसके जरिए पुलिस लंबे समय से गौ-तस्करी नेटवर्क पर लगातार नकेल कस रही है। आरोपी पिछले करीब छह महीनों से कानून की पकड़ से बाहर था और अलग-अलग राज्यों में घूमते हुए अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन पुलिस की सटीक जानकारी और रणनीति के चलते आखिरकार वह दबोच लिया गया। जानकारी के अनुसार, जून 2025 में अफसर राय स्कॉर्पियो वाहन से चार गौ-वंशों की तस्करी करते हुए पकड़ा गया था। कार्रवाई के दौरान उसकी गाड़ी अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद वह वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो और गौ-वंशों को जब्त कर लिया था, लेकिन आरोपी की तलाश तब से जारी थी। फरारी के बाद अफसर राय ने वाहन की नंबर प्लेट निकालकर पहचान छिपाने की कोशिश की थी ताकि मामले से अपना संबंध खत्म दिखा सके, लेकिन पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और आरटीओ रिकॉर्ड की मदद से गाड़ी व आरोपी का पूरा ट्रेल खंगाल लिया। पुलिस टीम को इनपुट मिला कि आरोपी झारखंड के बेड़ो क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर जशपुर से रवाना किया गया। टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता लेते हुए छापामार कार्रवाई की और अफसर राय को घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन उसके सभी प्रयास नाकाम रहे। अफसर राय के खिलाफ गौ-तस्करी, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किन-किन लोगों के संपर्क में था और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। जशपुर जिले में गौ-तस्करी लंबे समय से एक संवेदनशील मुद्दा रहा है, ऐसे में इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। जशपुर एसपी ने कहा कि जिले में अवैध गौ-तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। ऑपरेशन ‘अंकुश’आगे भी जारी रहेगा







Comments are closed.