

कोरबा, 15 मार्च। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही शहर में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में 14 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि इमली डुग्गू रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।दबिश के दौरान पुलिस ने अश्वनी यादव (38 वर्ष), निवासी इमली डुग्गू रेलवे कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला कोरबा को अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ गांजा जप्त कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इसी दौरान कोतवाली पुलिस द्वारा गौ माता चौक के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। वहीं चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।









Comments are closed.