
पत्थलगांव । जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड मेें आज सुबह दंतैल हाथी के हमले से 2 ग्रामीणों की मौत हो गई। लगभग 500 मीटर की दूरी पर दोनों घटना हुई। बताया जा रहा है कि दंतैल हाथी शव के पास ही है और किसी को पास आने नहीं दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह प्रकाश एक्का (55)बीट-जमुना कम्पार्टमेंट-862 में था, जो जंगल के अंदर पट्टा जमीन है, जिसमें धान की बुआई किए हैं, उसी फसल को देखने गया हुआ था। साथ में महुआ डोरी उठा रहे थे, तभी हाथी ने हमला कर दिया, जिससे ग्रामीण की मौत हो गई।
दूसरी मौत भी जमुना ग्राम की है, जहां दयामनी तिर्की (59) बीट जमुना जंगल के अंदर पट्टा जमीन है, जिसमें धान की बुआई किए हैं, फसल देखने गई थी और पुटू खुखड़ी खोज रही थी। इसी दौरान हाथी ने हमला कर दिया और मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटना लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुईं है। वहीं हाथी घटनास्थल पर ही मौजूद है और किसी को आसपास आने नहीं दे रहे हैं।
जंगल कोना में भी हाथियों ने एक बच्ची पर हमला किया है। बच्ची हाथी के हमले में गम्भीर रूप से घायल हो गई है। उसे कुनकुरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया है।
घटना से ग्रामीण दहशत में हैं और उन्हें चिंता सता रही है कि वह अपनी फसल की भी निगरानी नहीं कर सकते हैं।
घटना के संदर्भ में डीएफओ कृष्ण जाधव ने बताया कि अलग-अलग वन अमला की टीम मौके पर पहुंच गई है और बॉडी को रेस्क्यू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुआवजा प्रकरण भी तैयार किए जा रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि हाथी खूंखार हो गया है और इस घटना के बाद आने वाले समय में अन्य घटना संभावित है, इसलिए लोगों से अपील की जा रही है कि हाथी की आस-पास ना जाएं। ऐसे समय में स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है और जानमाल को खतरा हो सकता है। डीएफओ ने यह भी बताया कि विभाग के द्वारा आस-पास के गांव में अलग-अलग दल बनाकर मुनादी भी की जा रही है कि लोग आने वाले 24 घंटे खासकर अलर्ट रहें।
जशपुर के कलेक्टर महादेव कावरे तत्काल मृतकों को छह-छह लाख की मुआवजा राशि देने के निर्देश जारी किए। जशपुर डीएफओ मौके पर रवाना हो चुके हैं।








Comments are closed.