
नई दिल्ली | अगर आप अपने भविष्य को आर्थिक मजबूती देना चाहते हैं तो सरकार की इस स्कीम में निवेश कर सकते हैं. थोड़ी सी बचत और निवेश आपको रिटायरमेंट की उम्र के बाद बड़ा सहारा देगी. केंद्र सरकार की ‘अटल पेंशन योजना’ के जल्द ही ढाई करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स होने वाले हैं. इस स्कीम के तहत सरकार असंगठित क्षेत्र के लोगों के लिए प्रति माह पेंशन की व्यवस्था करती है. गरीब और मजदूर तबके के लोग इस स्कीम का फायदा उठा सकते हैं. यही वजह है कि बुढ़ापे को सुरक्षित करने के लिए करोड़ों लोग इस स्कीम को चुन रहे हैं. योजना के तहत करीब 2.45 करोड़ अंशधारक जुड़ चुके हैं.
सिर्फ 42 रूपये से शुरू करें निवेश
इस साल अक्टूबर के अंत में सब्सक्राइबर्स के मामले में 34.51 प्रतिशत वृद्धि हुई है. खास बात यह है कि इस स्कीम में आप सिर्फ 42 रुपये प्रति माह में आजीवन पेंशन लाभ ले सकते हैं. इसके लिए 18 साल में इस स्कीम में जुड़ना होगा. इसके बाद प्रति माह 42 रुपये का भुगतान कर 60 साल की उम्र के पड़ाव को पार कर लेने के बाद आपको 1 हजार रुपये महीना पेंशन मिलेगी. वहीं अगर आप 210 रुपये महीना जमा करेंगे तो आपको 5 हजार रुपये महीना पेंशन मिलेगी.
इन लोगों को मिलता है पेंशन का लाभ
आपको बता दें कि अटल पेंशन योजना का मकसद वृद्धावस्था में आय सुरक्षा प्रदान करना है. इसमें 60 साल की उम्र के बाद न्यूनतम पेंशन की गारंटी दी जाती है. इस योजना को देश का कोई भी नागरिक 18 से 40 साल की उम्र में ले सकता है. योजना की खासियत यह है कि इसमें अंशधारक के निधन होने पर पेंशन उसके पति/पत्नी को दी जाती है. इतना ही नहीं, दोनों के निधन के बाद पेंशन कोष में जमा राशि नामित व्यक्ति को दे दी जाती है.
इंटरनेट बैंकिंग के बिना भी खोल सकते हैं खाता
जल्द ही बचत खाताधारक इंटरनेट बैंकिंग के बिना भी अटल पेंशन योजना (APY) के तहत खाता खोल सकेंगे. पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA), APY-POPs को अपने मौजूदा बचत खाताधारकों को ऑनलाइन APY खाता खुलवाने के लिए एक वैकल्पिक माध्यम पेश करने की इजाजत दे रहा है. नए माध्यम के तहत व्यक्ति इंटरनेट बैंकिंग या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किए बिना APY अकाउंट खोल सकेगा.
क्या है नया तरीका?
APY में नेट बैंकिंग के बिना ऑनलाइन खाता खोलने के लिए PFRDA ने बैंकों के वेब पोर्टल के इस्तेमाल का विकल्प पेश किया है. बैंक खाताधारक को APY खाता ऑनलाइन खुलवाने की सुविधा देने वाले बैंकों के पोर्टल पर जाना होगा. इसके बाद उन्हें कस्टमर ID या बचत खाता संख्या (कोई दो) या PAN या आधार डालकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. रजिस्ट्रेशन ओटीपी बेस्ड ऑथेंटिकेशन के जरिए पूरा होगा ।







Comments are closed.