
कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत वनांचल ग्राम सराईपाली की होनहार छात्रा श्रेया पटेल (पिता – श्री श्रवण कुमार पटेल) का चयन प्रतिष्ठित नवोदय विद्यालय में होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। श्रेया ने प्राथमिक शाला सराईपाली से अध्ययन करते हुए अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।इस सफलता के पीछे विद्यालय में संचालित निशुल्क कोचिंग का विशेष योगदान रहा है, जिसका मार्गदर्शन शिक्षक श्री हरिश्चंद्र जायसवाल , प्रधान पाठक श्री सीताराम ओग्रे तथा संकुल प्रभारी श्री कमलेश कश्यप सर जी द्वारा किया जाता है। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय, एकलव्य विद्यालय एवं उत्कर्ष विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
यह कोचिंग कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली एवं खंड स्त्रोत समन्वयक के मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष संचालित किया जाता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलता है। इसके माध्यम से अनेक छात्र-छात्राएं लाभान्वित होकर विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित हो रहे हैं।
शिक्षक श्री हरिश्चंद्र जायसवाल ने बताया कि श्रेया पटेल एक बहुमुखी प्रतिभा की धनी छात्रा हैं। वे नृत्य, अभिनय एवं कहानी लेखन जैसी गतिविधियों में भी सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है
विद्यालय परिवार ने श्रेया पटेल की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।








Comments are closed.