
कोरबा। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा स्थित माँ श्री सर्वमंगला देवी मंदिर, दुरपा परिसर में इस वर्ष भी भक्ति और आस्था का भव्य आयोजन होने जा रहा है। माँ हसदेव नदी के तट पर स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में 19 मार्च 2026 से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत होगी, जो 28 मार्च तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी।मंदिर प्रबंधन के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों तक सर्वमनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे, जिससे पूरा मंदिर परिसर प्रकाशपुंज से आलोकित होगा। इसके साथ ही सतचंडी यज्ञ, यज्ञोपवित संस्कार, भजन-कीर्तन और जसगीत जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन सुबह-शाम आरती तथा दोपहर में भोग-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी, वहीं पूरे नवरात्रि में भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित पंडित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि नवरात्रि का यह पर्व आध्यात्मिक शुद्धि और शक्ति आराधना का विशेष अवसर होता है। उन्होंने कहा कि इस बार माँ का आगमन डोली में हो रहा है, जो शुभ संकेत माना जाता है और आने वाला वर्ष सुख-समृद्धि लेकर आएगा।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु तैल्य ज्योति कलश के लिए 901 रुपए और घृत ज्योति कलश के लिए 2100 रुपए जमा कर मंदिर परिसर से रसीद प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर भी संपर्क की व्यवस्था की गई है।मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिसर की स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें और कतारबद्ध होकर दर्शन करें। साथ ही इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी से तन-मन-धन से सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में माँ के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी और अंत में हवन, पूर्णाहुति एवं जवारा विसर्जन के साथ नवरात्रि का समापन होगा। पूरे आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल पहले से ही बनने लगा है।










Comments are closed.