
कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसे बचाने की कोशिश में अन्य दोस्त भी मुश्किल से बचे।
बताया जा रहा है कि युवक ने नदी में छलांग लगाई थी। शुरुआत में दोस्तों को लगा कि वह तैर रहा है या मजाक कर रहा है, लेकिन जब वह आगे बहने लगा तो उसे बचाने के लिए अन्य दोस्त भी पानी में कूद गए। हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज था कि वे उसे बचा नहीं पाए और खुद भी बहने से बाल-बाल बचे।

युवक तैरना नहीं जानता
बहने वाले युवक की पहचान 22 वर्षीय नौशाद खान के रूप में हुई है। वह दर्री इलाके की जय भगवान गली का निवासी था और एक निजी कंपनी में काम करता था। जानकारी के अनुसार, नौशाद को तैरना नहीं आता था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल दर्री थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
रेस्क्यू टीम कर रही बहे युवक की तलाश
दर्री थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और दोस्तों से पूछताछ की। बहे हुए युवक की तलाश के लिए जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। टीम नाव और मोटर की सहायता से युवक की तलाश कर रही है।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद युवकों से पूछताछ कर रही है और बहे हुए युवक की तलाश जारी है।







Comments are closed.