
कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद कोरबा ने अमेरिका–भारत व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने 4 फ़रवरी 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मोदी सरकार द्वारा अमेरिकी दबाव में अमेरिकी कृषि उत्पादों पर शून्य आयात शुल्क की अनुमति देना भारतीय किसानों, खेत मज़दूरों और विशेषकर ग्रामीण महिलाओं के साथ घोर विश्वासघात है।
प्रेस बयान में कहा गया कि यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब भारतीय कृषि पहले से ही गहरे संकट से जूझ रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भारी सब्सिडी प्राप्त अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारतीय बाज़ार में खुली छूट देना देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को तबाही की ओर धकेल देगा।
पवन कुमार वर्मा ने 15 अगस्त 2025 को लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के हितों की रक्षा के लिए “व्यक्तिगत रूप से भारी कीमत चुकाने” के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि आज वही प्रधानमंत्री अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के निर्देशों के आगे झुकते हुए भारत के कृषि हितों से समझौता कर रहे हैं। इसे उन्होंने “शर्मनाक आत्मसमर्पण” करार दिया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने 2015 की कृषि जनगणना का हवाला देते हुए बताया कि भारत में 14.65 करोड़ परिचालित जोतें हैं और देश की लगभग 48 प्रतिशत कार्यबल तथा 65 प्रतिशत आबादी कृषि और सहायक क्षेत्रों पर निर्भर है, जबकि अमेरिका में केवल 18.8 लाख किसान हैं। पार्टी का कहना है कि इस असमान व्यापार समझौते का सबसे बुरा असर छोटे किसानों, महिला किसानों और कृषि मज़दूर महिलाओं पर पड़ेगा।
प्रेस विज्ञप्ति में अमेरिकी कृषि सचिव ब्रूक रोलिन्स के उस बयान का भी उल्लेख किया गया, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया है कि इस समझौते का उद्देश्य भारत के विशाल बाज़ार में अधिक अमेरिकी कृषि उत्पाद भेजकर अमेरिका के 1.3 अरब डॉलर के कृषि व्यापार घाटे को कम करना है। सीपीआई ने आरोप लगाया कि जहाँ अमेरिकी सरकार अपने किसानों की रक्षा कर रही है, वहीं मोदी सरकार भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ तोड़ने में लगी है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने देशभर के किसानों, खेत मज़दूरों, महिलाओं और मेहनतकश जनता से 12 फ़रवरी को प्रस्तावित आम हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह मजदूरों, किसानों और ग्रामीण महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
— पवन कुमार वर्मा
जिला सचिव
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला परिषद कोरबा (छत्तीसगढ़)









Comments are closed.