
विद्यार्थियों की स्कूल फीस को लेकर जिले के स्कूल प्रबंधन और कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन के बीच तनातनी अब भी जारी है ।एक तरफ स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस वसूली के लिए पालकों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है वहीं पालक भी आर्थिक स्थिति का हवाला देकर फीस जमा करने में असमर्थता जता रहे हैं ।उनका कहना है कि स्कूल की पढ़ाई पूरी तरह से बंद है और एक दो घंटे की ऑन लाइन क्लास के नाम पर पूरी फीस मांगना भला कहाँ तक उचित है ।लेकिन डीडीएम पब्लिक स्कूल प्रबंधन द्वारा पालकों पर दबाव बनाते हुए अनेक बच्चों को 29 अक्टूबर को आयोजित अर्धवार्षिक परीक्षा के ठीक पहले ऑनलाइन क्लास के
व्हाट्सएप ग्रुप से रिमूव कर दिया गया । ऐसे में बच्चों के पालकों ने स्कूल पहुंचकर कड़ा ऐतराज जताया और 2 नवंबर सोमवार को स्कूल के बाहर अनशन करने की चेतावनी दी । कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन ने भी डीडीएम स्कूल के पालकों के निर्णय को उचित बताते हुए अपना समर्थन दिया ।इस दौरान स्कूल के सीईओ अमर नारायण सिंह की मध्यस्थता से ग्रुप से निकाले गए सभी बच्चों को निःशर्त पुनः व्हाट्सएप ग्रुप में ऐड कर दिया गया और बच्चों की परीक्षा लेने का आश्वासन भी दिया गया । लिहाजा कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन ने सोमवार को डीडीएम स्कूल के सामने आयोजित अनशन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है ।सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा के बाद लिए गए निर्णय को लेकर कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन ने सीईओ अमर नारायण सिंह का आभार व्यक्त किया है । प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उक्त जानकारी कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन के सचिव दीपक साहू ने दी ।







Comments are closed.