
कोरबा जिले में कड़ाके की ठंड से बचने की कोशिश दो महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अलाव तापते समय आग की चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।पहली घटना करतला थाना क्षेत्र के बाड़मार गांव की है, जहां 57 वर्षीय गुरुवारी बाई अलाव तापते समय आग की चपेट में आ गईं। परिजनों के अनुसार 12 जनवरी की शाम वे अपने कमरे में आग जलाकर ठंड से राहत ले रही थीं, तभी अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। गंभीर रूप से झुलसी गुरुवारी बाई को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवारी बाई रजगामार क्षेत्र के आमादाड की रहने वाली थीं और एक माह पहले लकवा होने के कारण पहले से अस्वस्थ चल रही थीं।दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बस्ती की है, जहां 38 वर्षीय रूबी देवी की अलाव तापते समय कपड़ों में आग लगने से गंभीर रूप से झुलसने के बाद मौत हो गई। यह हादसा 5 जनवरी को हुआ था, जिसके बाद उन्हें पहले उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर रूबी देवी को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां 15 जनवरी को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि रूबी देवी घर के पास जल रहे अलाव के पास ठंड से बचने गई थीं, तभी यह हादसा हुआ। आग बुझाने और उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे 22 वर्षीय जगदीश कुमार भी इस घटना में झुलस गए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोगों से ठंड के दौरान अलाव जलाते समय सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।










Comments are closed.