
कोरबा (कटघोरा)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास और मानसिक तनाव के बीच फंसे एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। कटघोरा क्षेत्र के निवासी 28 वर्षीय विद्यासागर ने पहले परफ्यूम पिया और फिर अपने ही कमरे में फांसी लगा ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद चार दिनों तक चले इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक विद्यासागर पेशे से मिस्त्री था और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। परिजनों के अनुसार, सोमवार 5 जनवरी को वह काम से घर लौटा और अपने छोटे भाई से ऑनलाइन मंगाया हुआ परफ्यूम मांगा। परफ्यूम लेने के बाद वह कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिजन जब कमरे में पहुंचे तो विद्यासागर फांसी पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर कटघोरा सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।परिजनों का आरोप है कि विद्यासागर लंबे समय से कथित जादू-टोने के डर में जी रहा था। बड़े भाई बजरंग सिंह उइके ने बताया कि वह शांत और सरल स्वभाव का था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत बार-बार बिगड़ रही थी और वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगा था। परिजनों का मानना है कि इसी भय और मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया।इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। विद्यासागर की शादी वर्ष 2025 में हुई थी और उसकी पत्नी इस समय सात माह की गर्भवती है। घर के कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी सुरेश मणि सोनवानी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है और डायरी संबंधित थाने को भेज दी गई है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।अंधविश्वास विरोधी कार्यकर्ता डॉ. दिनेश मिश्र का कहना है कि जादू-टोना केवल एक मानसिक भ्रम है, लेकिन इसके डर से पैदा होने वाला तनाव लोगों को घातक फैसले लेने पर मजबूर कर देता है। उन्होंने समाज से ऐसे अंधविश्वासों के खिलाफ जागरूक होने की अपील की है।यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि अंधविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज को कितनी गंभीरता से सोचने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।










Comments are closed.