
कोरबा । शिकार करने के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शिकारियों ने घटना को छुपाने के लिए युवक का शव जंगल में ही दफन कर दिया। 45 दिनों के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर गांव के ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है। घटना में लगभग 15 आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।
मामला जिले के करतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेहरचूआ का है। आज से 45 दिन पूर्व बेहरचूआ निवासी आनंद राम रात के समय अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में उसे जंगल के अंदर टॉर्च की रोशनी दिखाई दी। इसके बाद वो रास्ता बदलकर जंगल के दूसरे रास्ते से अपने गांव की ओर जाने लगा। इसी दौरान गांव के शिकारियों के द्वारा जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से आनंदराम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी जब शिकारियों को लगी तो उन्होंने इस मौत को छुपाने के लिए आनंद राम का शव जंगल में ही दफन कर दिया। आरोपियों ने आनंद राम के मोबाइल को निकाल कर तोड़ दिया। टूटे हुए मोबाइल को शव को दफन किए गए स्थान से बहुत दूर एक बोरवेल के अंदर डाल दिया। आनंदराम जब अपने घर नहीं लौटा तब परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई।
परिजनों ने पुलिस के समक्ष आनंद राम के हत्या की आशंका भी जताई थी। इस मामले की छानबीन पुलिस कर रही थी। जब सफलता नहीं मिली तो मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। क्राइम ब्रांच ने कड़ी जोड़ते हुए आनंद राम की खोजबीन करते हुए आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस ने बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा जंगली सूअर का शिकार करने के लिए करंट प्रवाहित तार को जंगल में बिछाया जाता है । इसी तार की चपेट में आकर करंट लगने से आनंदराम की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तहसीलदार की उपस्थिति में कब्र खोदकर शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान की, तत्पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।







Comments are closed.