
सरगुजा। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विशुनपुर खुर्द में गुरुवार को हुए पारिवारिक विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पति-पत्नी के झगड़े को सुलझाने पहुंची भाभी पर देवर ने टांगी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के आरोप में जेल भेजने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, विशुनपुर खुर्द अंतर्गत गोरसी डबरा निवासी गोपी यादव गुरुवार सुबह अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ रहा था। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। शोरगुल सुनकर पास में रहने वाली भाभी सोनमतिया यादव, पति तीरथ यादव के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पति-पत्नी के बीच विवाद शांत कराने की कोशिश की और दोनों को अलग करने लगीं। इसी दौरान गुस्से में भरे देवर गोपी यादव ने अचानक अपनी भाभी सोनमतिया पर टांगी से हमला कर दिया। सिर पर वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी। घायल सोनमतिया को परिजन गंभीर हालत में सरगुजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी गोपी यादव अक्सर पारिवारिक विवाद करता था। उसी झगड़े के दौरान यह खौफनाक वारदात हुई। पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (307) का मामला दर्ज किया था, लेकिन महिला की मौत के बाद मामला हत्या (302) में परिवर्तित कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी गोपी यादव मौके से फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिशुनपुर खुर्द स्थित सामुदायिक भवन के पास देखा गया है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। प्राथमिक पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। यह वारदात एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि पारिवारिक विवादों में गुस्से का एक पल कभी-कभी कितनी बड़ी त्रासदी बन सकता है। गांव में इस घटना से दहशत और दुख का माहौल है।







Comments are closed.