
कोरबा। एसईसीएल की गेवरा कोयला परियोजना में एक बड़ा हादसा हो गया। प्रथम पाली में रेलवे साइडिंग में निजी कंपनी का एक लोडर चालक मालगाड़ी में कोयला लोड कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन के मूवमेंट में आने से लोडर ट्रेन से टकरा गया, जिससे चालक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे के आसपास तब हादसा हुआ, जब मालगाड़ी के डिब्बों में कोयला भरने का कार्य जारी था। बताया जा रहा है कि वाहन चालक लोडर को पीछे करने के दौरान अनजाने में रेलवे लाइन के अत्यधिक करीब चला गया और तभी ट्रेन के आने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक लोडर के अंदर ही दब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गेवरा प्रबंधन एवं सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे और घायल लोडर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सहकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रेल साइडिंग क्षेत्र में कार्य के दौरान सतर्कता और स्पष्ट संकेत व्यवस्था की मांग की है। प्रबंधन ने हादसे की जांच की घोषणा की है।







Comments are closed.