
खबर – मनोज पाहुजा
कोरबा। करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकरीचोली से एक बड़ी आर्थिक अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीण अंकुश कुमार ने मनरेगा में गड़बड़ी की शिकायत कोरबा कलेक्टर से जनदर्शन कार्यक्रम में की थी। लेकिन हैरानी की बात यह है कि शिकायत के बाद तैयार किए गए दस्तावेजों में शिकायतकर्ता का नाम बदल दिया गया, और असली शिकायतकर्ताओं की अनुपस्थिति में जांच प्रतिवेदन तैयार कर शिकायत को खारिज कर दिया गया।अंकुश कुमार के अनुसार, ग्राम पंचायत ने लगभग ढाई लाख रुपये का आहरण किया, जबकि जिस कार्य के लिए राशि निकाली गई थी, वह जमीन पर हुआ ही नहीं। न तो बोर की मरम्मत हुई और न ही नल-जल योजना के तहत घर-घर पानी की सप्लाई शुरू हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गाँव की सड़कें भी इतनी खराब हैं कि बरसात के मौसम में चलना मुश्किल हो जाता है।उधर, ग्राम पंचायत कुकरीचोली के सरपंच जैनेन्द्र कंवर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पंचायत में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।हालांकि, ग्रामीणों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा। लोगों की मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी निष्पक्ष जांच करें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।







Comments are closed.