
कोरबा। जिले के करतला परिक्षेत्र में हाथियों के झुंड का आतंक जारी है। देर रात एक हाथी के हमले में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों को हाथियों के झुंड पर पत्थर फेंकते हुए देखा गया। इससे कुछ हाथी गुस्से में आ गए और उन्होंने पलटकर ग्रामीणों को दौड़ा लिया।
जानकारी के अनुसार, करतला परिक्षेत्र के रामपुर और करतला के बीच के जंगलों में लगभग 50 हाथियों का एक बड़ा दल घूम रहा है। पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में हाथियों के डेरा डाले होने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने हाथियों पर फेंके पत्थर, हाथी ने किया हमला
इसी बीच, एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हाथियों का झुंड जंगल से लगे गांव के पास से गुजर रहा था। इसी बीच कुछ ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर हाथियों के झुंड पर पथराव करने लगे। इससे कुछ हाथी भड़क गए और वे ग्रामीणों पर हमला करते हुए उन्हें दौड़ाने लगे। हालांकि इस हमले में ग्रामीण बाल-बाल बच गए। इसके बाद हाथियों का झुंड आगे की ओर बढ़ गया।
रामपुर और करतला के बीच के जंगलों में 50 हाथियों का झुंड घूम रहा है।

जंगल से लगे गांव के पास से गुजर रहे हाथियों के झुंड पर लोगों ने पत्थर फेंके
हाथी के हमले से मानसिक रोगी की मौत

इसी बीच, रामपुर में एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की हाथी के हमले में मौत हो गई। बुधवार देर रात के समय एक हाथी ने उसे पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक रामपुर बस स्टैंड के पास रहता था और मानसिक रूप से कमजोर था। इस घटना के बाद पूरे रामपुर क्षेत्र में भय का माहौल है।
हाथी के हमले में मानसिक रोगी की मौत
वन विभाग और पुलिस अलर्ट पर
हादसे की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और करतला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों से छेड़छाड़ न करें और किसी भी आपात स्थिति में वन विभाग को तुरंत सूचना दें।
रात भर जागकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं किसान
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड अक्सर देर रात खेतों और गांवों की ओर बढ़ता है, जिससे फसल और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। कई किसान अपनी फसलों की रखवाली के लिए रातभर जागने को मजबूर हैं।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने का प्रयास कर रहा है।







Comments are closed.