
कोरबा। हर साल मई महीने में विदेशों से छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कनकी गांव में पहुंचने वाले प्रवासी पक्षी ‘एशियन ओपन बिल स्टार्क’ (घोंघिला पक्षी) इस बार मानव क्रूरता का शिकार हो गए। कनकेश्वर धाम के पास स्थित मंदिर मोहल्ला धनुहार पारा में एक युवक द्वारा इन संरक्षित पक्षियों का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार समार सिंह धनवार (20 वर्ष) नामक युवक ने 6 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे गुलेल से तीन एशियन ओपन बिल स्टार्क पक्षियों को मार गिराया। उसने इनमें से एक पक्षी को पकाकर खा लिया, जबकि दो पक्षियों को अपने घर में रखा हुआ था। मुखबिर से मिली सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान एक मृत पक्षी और एक घायल पक्षी जिसका बायां पैर टूटा हुआ था और वह खून से लथपथ था, को बरामद किया गया।
इस मामले में करतला वन परिक्षेत्र अधिकारी रघुनाथ सिंह राठिया के नेतृत्व में टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। उपवनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के निर्देश पर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान वन अधिकारी कपिल कुमार कंवर, विजयेन्द्र कुमार नेटी, हरिनारायण बंजारे, और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।क्या है एशियन ओपन बिल स्टार्क?एशियन ओपन बिल स्टार्क एक संरक्षित प्रवासी पक्षी है जो मुख्यतः दक्षिण एशिया में पाया जाता है। हर साल ये पक्षी बड़ी संख्या में लंबी दूरी तय करके कोरबा के विभिन्न क्षेत्रों में आते हैं, जहां वे स्थानीय जलाशयों के पास प्रवास करते हैं।







Comments are closed.