
कोरबा। विश्व मूलनिवासी दिवस के अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जिले में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग उठाई। इस संबंध में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपा।पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष मरकाम मितेल, जिला पंचायत सदस्य जयसिंह मितेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मंगरू राम कंवर, मितेल रमेश, घनश्याम साहू, सोमलाल मरकाम, शिवरतन मरकाम, सोनसाय कंवर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि गोंडवाना समाज में विश्व मूलनिवासी दिवस को सामाजिक जागरूकता के पर्व के रूप में मनाया जाता है और इस दिन समाज की महत्वपूर्ण समस्याओं को उजागर कर समाधान की पहल की जाती है।ज्ञापन में बताया गया कि शराब की वजह से गरीब और आदिवासी समाज का आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक नुकसान हो रहा है। शराब से न सिर्फ परिवार टूट रहे हैं बल्कि महिलाओं और बच्चों पर हिंसा बढ़ी है। इससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है और अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन से अपील की कि कोरबा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और शराब की बिक्री व उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लागू किया जाए।पार्टी प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक पूर्ण शराबबंदी लागू नहीं होगी, तब तक समाज में असली बदलाव संभव नहीं है। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से यह भी कहा कि वे इस मांग पर गंभीरता से विचार करें ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन मिल सके।ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल कोरबा जिला कलेक्टर अजीत वसंत से मिला और उन्हें पूरे जिले के लोगों की पीड़ा और समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।






Comments are closed.