
1. श्रम मंत्री लखलाल देवांगन का भूपेश बघेल पर बड़ा हमला
कोरबा। टीपी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखलाल देवांगन ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल अपने पुत्र मोह में पूरी कांग्रेस पार्टी को आंदोलनों में झोंक रहे हैं। देवांगन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने यह भी कहा कि चैतन्य बघेल कांग्रेस के किसी पद पर नहीं हैं, फिर भी पूरा संगठन उन्हें बचाने में लगा है। मंत्री ने कांग्रेस शासनकाल में हुए गोठान, शराब, खनिज और कोयला घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि धीरे-धीरे सभी परतें खुल रही हैं, और आने वाले समय में भूपेश बघेल भी ईडी के रडार पर होंगे।—
2. मेडिकल छात्रों को सौंपी गई गांवों की स्वास्थ्य जिम्मेदारी
कोरबा। नेशनल मेडिकल कमीशन के दिशा-निर्देशों के तहत मेडिकल कॉलेज के थर्ड ईयर के छात्रों को अब चयनित ग्रामीण परिवारों की स्वास्थ्य देखभाल की जिम्मेदारी दी जा रही है।इस योजना के अंतर्गत छात्र गांवों में जाकर परिवारों को हेल्थ, स्वच्छता, पोषण और टीकाकरण के प्रति जागरूक करेंगे।रामपुर और लेमरू क्षेत्र के ग्रामीणों को इससे स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा और छात्रों को व्यवहारिक अनुभव प्राप्त होगा। इस फैमिली अडॉप्शन योजना से छात्र सालभर एक-एक परिवार की नियमित निगरानी करेंगे और उनकी सेहत की जिम्मेदारी लेंगे।
3. रेत चोरी पर प्रशासन मौन, ग्रामीण परेशान
कोरबा। करतला ब्लॉक के भैंसामुड़ा और कटबला क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन जारी है। हसदेव नदी से ट्रैक्टर और हाईवा रेत भरकर धड़ल्ले से परिवहन कर रहे हैं, जिससे गांव की सड़कें कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को सब जानकारी होते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही। बरसात के मौसम में सड़कें और खराब हो रही हैं, जिससे स्कूली बच्चों, बाइक सवारों और बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है।
4. किसानों को आत्मनिर्भर बनाएगा पाम ऑयल मिशन
कोरबा। केंद्र सरकार की ‘ऑयल पाम मिशन’ योजना के तहत जिले में 300 हेक्टेयर भूमि पर पाम की खेती का लक्ष्य तय किया गया है।उद्यानिकी विभाग किसानों को पौधों के साथ-साथ बोर, पंपसेट, फेंसिंग और रखरखाव में भी अनुदान दे रहा है।पाम पौधे चार साल में फल देना शुरू करते हैं और लगभग 25 साल तक उत्पादन देते हैं। इससे किसानों को एक स्थायी आय का स्रोत मिलेगा।इस स्कीम का उद्देश्य किसानों को खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है।-
5. बंद घर को बनाया निशाना, ₹85,000 की चोरी
कोरबा। गेवरा बस्ती में स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए 85 हजार रुपये की चोरी कर ली।जानकारी के अनुसार, मकान मालिक संत राम गुप्ता परिवार सहित किसी कार्य से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर टीवी, गहने और नकदी चुरा ली।चोरों ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी नुकसान पहुंचाया। पीड़ित परिजनों ने कुसमुंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुटी है।
6. तीज उत्सव में महिला मोर्चा ने बांधा समां
कोरबा। नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर सामुदायिक भवन में भाजपा महिला मोर्चा मंडल द्वारा तीज और सावन उत्सव का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति, फैशन शो और गायन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री अनीता राजपूत ने किया। महिलाओं को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
7. कोबरा सांप का रेस्क्यू, सपेरा भूल गया पिटारा
कोरबा। सावन सोमवार के मौके पर एक सपेरा सांप दिखाने आया था, लेकिन जाते वक्त अपना पिटारा रमेश नामक व्यक्ति के घर पर भूल गया।कुछ देर बाद उस पिटारे से सांप की आवाजें आने लगीं, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने पर आरसीआरएस टीम मौके पर पहुंची और कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।स्थानीय लोगों ने टीम की तत्परता की सराहना की।
8. केसला घाट में डूबने से युवक की मौत
कोरबा। बालको क्षेत्र के केसला घाट वाटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों में से एक युवक जफर खान पानी के तेज बहाव में बह गया।साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। देर रात तक तलाशी अभियान चला और अगली सुबह गोताखोरों की मदद से शव बरामद किया गया।मृतक रामपुर का निवासी था और बालको पुलिस मामले की जांच कर रही है।
9. हथियार लहराकर फैलाई दहशत, छह गिरफ्तार
कोरबा। कन्वेरी रोड पर सावन सोमवार के मौके पर शिव मंदिर दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के बीच कुछ युवकों ने पिस्टल और धारदार हथियार लहराए।इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों पर शांति भंग करने और अवैध हथियार रखने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।









Comments are closed.