
कोरबा / शादी के कार्यक्रम में आए मेहमानों को दर्री डेम दिखाने के लिए आधी रात के वक्त घर से निकले युवाओं से भरी कार नहर में जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि 4 लोगों ने किसी तरह जान बचाई। पुलिस ने कार के चालक व्यवसायी पुत्र के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना 3 मई 2022 की रात 2 से 2.30 बजे के मध्य बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत भवानी मंदिर के निकट नहर में घटित हुई थी। मामला इस तरह है कि कोरबा निवासी अंशुल अग्रवाल की शादी में जश्न रिसोर्ट राताखार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बेंगलुरु व राजनांदगांव से मेहमान आए थे। 2 मई की रात महिला संगीत पार्टी हो रही थी। इसमें शामिल होने राजनांदगांव के वार्ड 38 के निवासी अंकित तिवारी पिता रामनरेश 57 वर्ष, बेंगलुरु से आए दिव्या पांडेय, विष्णु एपी तथा हरीश भी पहुंचे थे। बेंगलुरु से आए लोगों ने दर्री डेम दिखाने की बात कही तब अपनी हुंडई आई-20 कार क्र.-सीजी 04 एनएफ 3322 में बिठाकर आकाश लालवानी इन्हें दर्री डेम दिखाने के लिए रात 2 बजे घर से निकला। आकाश लालवानी डीके हॉस्पिटल, टीपी नगर के पीछे निवासरत हैं। इन युवकों और युवती को बिठाकर आकाश लालवानी कार चलाते हुए तेज रफ्तार से दर्री डेम की ओर जा रहा था कि दर्री पुल के पास सड़क पर डाली गई मिट्टी और डायवर्सन रोड होने के कारण व इसी दौरान दूसरे दिशा से ट्रेलर आने की वजह से आकाश तेज रफ्तार कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और अनियंत्रित होकर कार नहर में जा गिरी।

भवानी मंदिर जोगियाडेरा नहर में हुए इस घटना में सामने चालक के बगल सीट पर बैठे अंकित तिवारी की डूब जाने से मौत हो गई जबकि पीछे बैठी युवती सहित कुल 4 लोगों ने किसी तरह खुद को नहर से बाहर निकाला। आकाश के भाई अंशुल ने अपने पिता गोवर्धन को घटना की जानकारी दी और 4 लोगों में से एक युवक अंकित का पता नहीं चलना बताया। गोवर्धन लालवानी की सूचना पर बालको थाना में पदस्थ एएसआई ओमप्रकाश परिहार के द्वारा मौके पर जाकर अंकित की तलाश कराई गई तो नहर से शव बरामद हुआ। विवेचना में चालक आकाश लालवानी के द्वारा लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण दुर्घटना और मौत होना पाए जाने पर धारा 279, 337, 304 ए भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।










Comments are closed.