

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन में आधुनिक फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण शुरू हो गया है। इस एफओबी की खासियत है कि इसमें रैंप और एस्केलेटेर के माध्यम से यात्रियों को चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेेगी। करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से सभी प्लेटफार्मों को नए एफओबी से जोड़ा जाएगा।
हर प्लेटफार्म पर एस्केलेटर लगाने के लिए अलग से ढाई करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। रेलवे अफसरों की मानें तो छह महीने में नए एफओबी और रैंप बनकर तैयार हो जाएगा। बिलासपुर और दुर्ग स्टेशनों में वर्षों पहले से रैंप की सुविधा है। लेकिन राजधानी व मंडल का स्टेशन होने के बाद भी रायपुर में रैंप नहीं था।
रायपुर स्टेशन में लिफ्ट लगाने के लिए एफओबी के एक तरफ की सीढ़ियों को तोड़ दिया गया। इससे यात्रियों का पूरा दबाव दूसरी सीढ़ी पर है। प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 और 5-6 में एक साथ दो ट्रेनों के आने के बाद एफओबी की सीढ़ियों पर ठसाठस भीड़ रहती है। लिफ्ट का उपयोग बुजुर्ग व निशक्त यात्री ही कर सकते हैं।
नया एफओबी फूड प्लाजा से बाजू में बने गार्डन की जगह से शुरू होगा और प्लेटफॉर्म नंबर-7 तक को जोड़ेेगा। एफओबी के तय ड्राइंग डिजाइन के मुताबिक एफओबी के सारे रैंप दुर्ग की ओर रहेंगे तथा बिलासपुर की ओर एस्केलेटर लगेंगे। एफओबी और रैंप से स्टेशन के फुटओवरब्रिज और सीढ़ियों पर व्यस्त समय में होने वाली भीड़ से निजात मिलेगी। सभी प्लेटफार्मों को जोड़ने के लिए तीन एस्केलेटर लगाने का प्लान है।







Comments are closed.