
कोरोनाकाल में जहां देशभर में लोगों को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है और कई जगह ऑक्सीजन की कमी की वजह से कोरोना संक्रमितों की जान भी जा चुकी है वहीं ओडिशा के मलकानगिरी जिले में रिहायशी इलाकों में घुसे एक कोबरा को मुंह से ऑक्सीजन देकर एक सांप प्रेमी ने बचाया।
मलकानगिरी के स्नेहाशीष नायक जो कि होमगार्ड की नौकरी करते हैं। जिस कोबरा को देखकर ही लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं, लोग उससे दूरी बना बैठते हैं, स्नेहाशीष सांप के ऐसे प्रेमी हैं कि सांपों की जान बचाने मुंह से ऑक्सीजन तक देने को तैयार हो जाते हैं। ऐसा ही एक नजारा बुधवार को मलकानगिरी जिला मुख्यालय में देखने को मिला, जब बेहोश पड़े सांप को बचाने के दौरान स्नेहाशी सांप को मुंह से ऑक्सीजन देते नजर आए।
बुधवार को मलकानगिरी नोवागुड़ा में एक घर में कोबरा घुस आया, जिसके बाद इलाके में खलबली मच गई। जैसे ही कोबरा के होने की जानकारी स्नेहाशीष को मिली, वे अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे। दीवार के बीच होने की वजह से दीवार को भी तोड़ा गया। इस बीच ऑक्सीजन की कमी की वजह से कोबरा वहीं बेहोश हो गया।
कोबरा को निकालने के बाद थोड़ी देर खुली हवा में रखा गया और इसके बावजूद जब कोबरा होश में न आया तो स्नेहाशीष कोल्ड ड्रिंक पीने वाले पाइप से कोबरा को ऑक्सीजन देने लगा और कुछ ही देर में कोबरा होश में आ गया। इस प्रकार मलकानगिरी जिले में एक कोबरा को रेस्क्यू कर बचाया गया और सुरक्षित ठिकानों पर छोड़ दिया गया।







Comments are closed.