थाना बांकी मोंगरा क्षेत्र में एक बार फिर खून से लथपथ अज्ञात युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। यह दिल दहला देने वाली घटना सब स्टेशन से कुछ ही दूरी पर घटी, जहां स्थानीय लोगों ने दोपहर 3 बजे के आस पास एक युवक की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है। उसके पास एक बैग मिला है, और उसने ग्रे कलर की जीन्स, हल्की गुलाबी हाफ टी-शर्ट और पैरों में जूते पहन रखे हैं। आस पास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार युवक की हालत और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध मौत या हत्या की ओर इशारा कर रहा है, हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौर करने वाली बात यह है कि यह वही क्षेत्र है जहां कुछ दिन पहले एक पुत्र ने खाना बनाने के विवाद में अपने पिता की हत्या कर दी थी। लगातार दो लाशें मिलने से क्षेत्र में खौफ और आशंका का माहौल बना हुआ है।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही संभव होगा।








Comments are closed.