
कोरबा / दर्री थाना अंतर्गत साडा कॉलोनी जमनीपाली निवासी 80 वर्षीय वृद्ध जानकी लाल जायसवाल एनटीपीसी के रिटायर्ड फाइनेंस अधिकारी है। उन्होंने अपने दो पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है, जिसके आधार पर दर्री थाना में आरोपी पुत्रों के खिलाफ आपराधिक अतिचार व धोखाधड़ी का एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक जानकी लाल करीब 20 साल पहले रिटायर हुए। वे साडा कॉलोनी के मकान में अपनी पत्नी पार्वती व तीन पुत्र अखिलेश (57), अविनाश (55) व अवधेश (53) के साथ निवासरत है,
जिसमें अखिलेश व अवधेश द्वारा 2-3 साल से वृद्ध माता-पिता को शारीरिक, मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। वृद्धा अवस्था होने के बाद भी न तो देखरेख की जा रही है और न ही भरण पोषण का खर्चा या कोई गुजारा भत्ता दिया जा रहा है। जबकि जानकीलाल ने अपनी पूरी संपत्ति में करीब 80 फीसदी उन दोनों को दी है। वृद्ध दंपती का भरण पोषण का पूरा खर्च मंझले पुत्र अविनाश द्वारा उठाया जा रहा है। दूसरी ओर पिता के स्वामित्व की मकान को हड़पने की साजिश उनके द्वारा की जा रही है। उन्होंने मकान के दस्तावेज को एक बैंक में गिरवी रखकर 60 लाख रुपए का लोन निकाल लिया गया।
मकान के बिजली, पानी के बिल व संपत्तिकर को नहीं पटाया ।बिजली बिल 1 लाख रुपए से ऊपर पहुंचने पर 5 माह पहले विभाग ने कनेक्शन काट दिया। तब से दंपती बिना बिजली के गुजारा कर रहे हैं। दूसरी ओर दोनों पुत्र ने कमरे में इन्वर्टर व सोलर पैनल लगवाकर बिजली व्यवस्था कर ली है। पुत्रों को बिल अदा करने के लिए कहने पर मकान की रजिस्ट्री कराने तक बिल का भुगतान नहीं करने की धमकी देते हैं।








Comments are closed.