
नई दिल्ली। कोरोना मरीजों के आंकड़े रोज नया रिकॉर्ड छू रहे हैं। देशभर में बुधवार देर रात 3 लाख 15 हजार 478 नए संक्रमित मिले, जबकि 2,101 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह लगातार दूसरा दिन है जब देश में मौतों का आंकड़ा 2 हजार की संख्या को पार कर गया। देश में अभी 22 लाख 84 हजार 209 मरीजों का इलाज चल रहा है। बुधवार को रिकॉर्ड 1 लाख 79 हजार 372 मरीज ठीक हुए। संक्रमण से अब तक 1 लाख 84 हजार 672 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को 2.94 लाख नए मरीज सामने आए थे। वहीं 2,021 लोगों की जान गई थी।
वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की। उन्होंने लिखा कि कोरोना पॉजिटिव हो गया हूं। मैं डॉक्टर्स की सलाह पर दवाईयां और इलाज करवा रहा हूं। जो लोग पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे अनुरोध है कि वह कोरोना के नियमों का पालन करें और खुद का टेस्ट कराएं।
महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों और अस्पतालों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए अब महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्यव्यापी लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह राज्यव्यापी लॉकडाउन 22 अप्रैल की रात 8 बजे से 1 मई की सुबह 7 बजे तक प्रभावी होगा। राज्य सरकार ने यह कदम राज्य में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों को देखते हुए उठाया है। राज्य में कुल मरीजों की संख्या अब 40 लाख के ऊपर पहुंच चुकी है, जिसमें 6.95 लाख से ज्यादा सक्रिय मरीज हैं। कोरोना महामारी के चलते अब तक 61, 911 लोगों की मौत हो चुकी है।







Comments are closed.