
रायपुर । निलंबित एडीजी जीपी सिंह ने मंगलवार को निचली अदालत से अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। जीपी सिंह ने राजद्रोह मामले में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया था।
निलंबित एडीजी जीपी सिंह के खिलाफ एसीबी, और कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। जीपी सिंह के यहां करीब 10 करोड़ से अधिक अनुपातहीन संपत्ति का पता चला है। एसीबी की जांच जारी है, कई और संपत्ति की जानकारी मिली है।
जीपी सिंह ने आय से अधिक संपत्ति प्रकरण की सीबीआई जांच के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है। दूसरी तरफ, राजद्रोह के मामले में अग्रिम जमानत के लिए जिला अदालत में आवेदन किया था। प्रकरण की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में होनी थी, लेकिन जीपी सिंह के वकील ने याचिका वापस ले ली है।
जीपी सिंह को एसीबी के समक्ष हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा गया था। उन्होंने एसीबी को सूचना दी है कि कोरोना की आशंका के चलते क्वारंटीन है। जीपी सिंह के बंगले से ईवीएम हैकिंग करने वालों के नाम, पते भी मिले हैं, और इस मामले की जांच चल रही है ।







Comments are closed.